जिला कारागार के बंदी रक्षकों की लापरवाही के चलते बुधवार को जिला चिकित्सालय में भर्ती एक बंदी अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने भाग निकला। पुलिस अधीक्षक व जेलर समेत अन्य अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे और सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों से पूछताछ की। जेलर ने दोषी बंदी रक्षक व होमगार्ड पर मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
सोनभद्र के थाना पिपरी के सब्जी मंडी टैक्सी स्टैंड निवासी राहुल चौहान (25) पुत्र पखंडू को पिपरी पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर 14 जून को जेल भेजा था। 27 जून को राहुल की सोनभद्र कोर्ट में पेशी थी। पेशी के दौरान कोर्ट को बीमार होने की बात बताई। उसे सोनभद्र के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दोपहर बाद छोड़ दिया गया। देर रात जेल में आने पर उसने जेलर को फिर पेट दर्द की शिकायत की। उसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। \
28 जून की शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड का निर्देश दिया। बुधवार सुबह आठ बजे बंदी रक्षक रामसोचन यादव चिकित्सालय के सामने स्थित नेशनल पैथालाजी में बंदी का अल्ट्रासाउंड के लिए ले गया। जहां कर्मचारियों ने बंदी का दो नंबर लगाते हुए 600 रुपये की रसीद दी। बंदी रक्षक ने 500 रुपये मौके पर जमा कर सौ रुपये बाद में देने की बात कही। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए उसे 11 बजे बुलाया गया। बंदी रक्षक राहुल को लेकर पैथालाजी पर पहुंचे इसी दौरान वह दोनों को चकमा देते हुए फरार हो गया।