मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के रामपुर अतरी गांव के प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील के गर्म भगौने मेें गिरकर मासूम की मौत मामले में दोषी सभी छह रसोईयों को गुरुवार को जमानत मिल गई।
प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को मिड डे मील के भगौने में गिरकर झुलसने से तीन वर्षीय आंचल की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने खंड शिक्षाधिकारी की तहरीर पर छह रसोईयां लीलावती देवी, कमलावती देवी, सोना देवी, मोना देवी, रीता देवी, नगीना देवी के खिलाफ धारा 304ए में मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार की सुबह परिजन विद्यालय पहुंच कर कार्रवाई की मांग करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने सभी छह रसोईयों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने अपर जनपद सत्र न्यायाधीश भगवती प्रसाद सक्सेना की अदालत में उन्हें पेश किया। मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील पेश की। सुनवाई करते हुए जज ने सभी छह रसोइयों को जमानत दे दी।