भदोही के ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्रा की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बाहुबली विधायक पर मिर्जापुर के विंध्याचल थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। जिसमें उन पर विंध्याचल के श्री विंध्य पंडा समाज के पूर्व मंत्री, पुरोहित व पूर्व सभासद अवनीश मिश्रा से रंगदारी मांगने का आरोप है।
श्री विंध्य पंडा समाज के पूर्व मंत्री अवनीश मिश्रा ने विधायक विजय मिश्रा से जान का खतरा बताते हुए पिछले 15 दिन पूर्व आईजी, डीएम, एसपी को ज्ञापन सौंपा था। मामले में कोई कार्रवाई न होने पर अवनीश मिश्रा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित वीडियो वायरल कर विजय मिश्रा पर संगीन आरोप लगाते हुए खुद की जान को खतरा बताया।
मामले में एसपी के निर्देश पर गुरुवार की रात सीओ सिटी अजय कुमार राय ने विंध्याचल पहुंचकर मामले की जांच की। जिसके बाद देर रात विंध्याचल थाने में विधायक विजय मिश्रा के पर मुकदमा दर्ज हुआ। विंध्याचल कोतवाल शेषधर पांडेय ने बताया कि अवनीश मिश्रा की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।