मिर्जापुर। बाहुबली ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के समधी को रंगदारी मामले में शहर कोतवाली और जिगना थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले समधी रमेश चंद्र मिश्रा के नाम पर दर्ज विजय मिश्रा की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई थी। एक मकान पर कब्जे को लेकर विवाद था। इसमें एक पक्ष से पूर्व विधायक विजय मिश्रा के समधी रमेश मिश्रा लगे थे। उन्होंने कचहरी के पास आए दूसरे पक्ष को मकान का कब्जा दूसरे को देने और पैसे के लिए रंगदारी की मांग की थी। मामले में भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के कौलापुर निवासी सूर्यकमल तिवारी उर्फ सूरज ने 21 जुलाई 2024 को कोतवाली शहर में धमकी और रंगदारी मांगने की तहरीर दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना जिगना थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह को दी गई थी। मामले में सोमवार को मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली और जिगना थाने की पुलिस ने आरोपी रमेश चंद्र मिश्रा निवासी धनवन्तरिया थाना चौरी जनपद भदोही को महंत शिवाला कोतवाली कटरा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रमेश चंद्र मिश्रा महंत शिवाला पर रहते थे। शहर कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि रंगदारी मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्रा के समधी रमेश चंद्र मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।