पड़री। पहाड़ी विकास खंड के प्रमुख संपर्क मार्गों की दशा खराब हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसके चलते आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में गिरकर आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
पड़री-चंडिका मार्ग, भरपुरा-पहाड़ा मार्ग, पड़री-दाढ़ी राम मार्ग, पथरहा-धनही मार्ग, डगमगपुर-सिंधोरा तथा वेलवन-कठिनई संपर्क मार्ग मरम्मत के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालत यह हो गई है कि इन मार्गों पर लोगों को पैदल चल पाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आस्था के प्रतीक भगवती चंडिका धाम तक जाने वाले सात किलोमीटर सड़क बने छह माह भी नहीं हुए हैं, इस बीच जगह-जगह गिट्टियां उखड़ गई हैं और जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कमोवेश यही स्थिति दूबेपुर-गहिरा, पड़री-पहिती, पड़री-दाढ़ी राम आदि सड़कों की है। अभिनव मॉडल विद्यालय भोजपुर पहाड़ी तथा पहाड़ा रेलवे स्टेशन जाने वाले भरपुरा-पहाड़ा मार्ग की हालत दयनीय हो गई है। सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं। सड़क पर जल भराव के कारण छात्रों, राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क का निर्माण तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभावती यादव द्वारा शहीद नरेश चंद श्रीवास्तव के नाम पर बनवाया गया था। वेलवन ग्राम प्रधान प्रिया दुबे, कठिनई प्रधान महेश यादव, कनौरा प्रधान राकेश यादव, पड़री प्रधान रामदेव सरोज, चेंदुली प्रधान गूंजा सिंह, सिंधौरा की रूमा देवी, पचोखरा प्रधान अनिल कुमार सिंह, मनोहरपुर प्रधान बब्बू यादव, दुबेपुर प्रधान दीपक कुमार के अलावा शिव गोविंद सिंह, रामबली दुबे, राजेश गौतम, मंगला पुरी गोस्वामी, संगला पुरी गोस्वामी, राजकुमार ओझा, अरुण तिवारी आदि ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।