मिर्जापुर। तीन दिवसीय अंतर मंडलीय प्रतियोगिता में मंगलवार को कबड्डी, ऊंची कूद व भाला फेंक के साथ ही अन्य प्रतियाेगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी का फाइनल मुकाबला सोनभद्र और आजमगढ़ के बीच हुआ। इसमें आजमगढ़ की टीम विजयी रही।
समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित परसिया स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता चल रही है। मंगलवार को लंबी कूद में मिर्जापुर की टीम के अंकित कुमार ने प्रथम, ऊंची कूद प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम के संदीप पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक प्रतियोगिता में सोनभद्र की टीम के अवधेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इससे पहले सोमवार को मुख्य अतिथि उप निदेशक समाज कल्याण विंध्याचल मंडल आरके सिंह, विशिष्ट अतिथि गिरीश दुबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी त्रिनेत्र कुमार सिंह, राम विलास ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान 100 मीटर दौड़ में संदीप वाराणसी प्रथम, राकेश चंदौली द्वितीय, करन सिंह मिर्जापुर तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह 200 मीटर दौड़ में संदीप कुमार सोनभद्र प्रथम, अंकित कुमार मिर्जापुर द्वितीय, प्रदीप वाराणसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता को मुख्य अतिथि ने मेडल और शील्ड प्रदान किया।