लखनऊ में हुई जहरीली शराब से लोगाें की मौत के बाद मिर्जापुर में आबकारी और पुलिस विभाग की नींद खुली। आनन फानन में दोनाें विभागाें की संयुक्त टीम ने जिले में छापेमारी करके 447 लीटर शराब और 68 क्विंटल लहन पकड़ा। शराब बनाने के आरोप में 36 लोगों को गिरफ्तार किया और 18 शराब की भट्ठियों को तोड़ा।
क्षेत्र के बिसुंदरपुर स्थित जमुनहिया, बरौधा कछार व हनुमान पड़रा में औचक छापेमारी कर सौ लीटर अवैध शराब व प्लास्टिक के सैकड़ाें डिब्बे में लहन बरामद किया।
राजधानी में जहरीली शराब से हुई मौत के बाद आबकारी उपायुक्त एलके त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने जिले के चिन्हित स्थानाें पर औचक छापेमारी कर कारवाई करने का निर्देश दिया। अधिकारियाें के निर्देश पर सीओ नगर प्रवीण यादव के नेतृत्व में मंगलवार को टीम ने तीन स्थानाें पर औचक छापेमारी की।
देहात कोतवाल राघवेंद्र सिंह व आबकारी इंस्पेक्टर संजय सिंह की अगुवाई में क्षेत्र के जमुनहिया व हनुमान पड़रा में छापेमारी की। छापेमारी की खबर लगते ही शराब बनाने वाले अपने अपने घराें को छोड़ कर भाग निकले। मौके पर पहुंची टीम ने सिवानाें, घराें समेत अन्य स्थानाें से काफी संख्या में प्लास्टिक के डिब्बे से लहन बरामद किया। टीम ने दोनाें स्थानाें से जमीन के नीचे गाड़े गए सैकड़ाें डिब्बे लहन को बरामद किया।
वहीं कटरा कोतवाल शफीक अहमद के नेतृत्व में नगर के बरौधा कछार सोनकर बस्ती में छापेमारी की गई।टीम की माने तो करीब 50 लीटर अवैध शराब बरामद किया गया तथा लगभग एक हजार प्लास्टिक के डिब्बाें में लहन बरामद किया।