मिर्जापुर। नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर काॅलेज में शुक्रवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार योजना के तहत विज्ञान क्विज व कार्यकारी माॅडल का प्रदर्शन किया गया। इसमें कार्यकारी माॅडल में अवंतिका का माॅडल प्रथम, मुस्कान का द्वितीय, स्नेहा तृतीय, प्रकाश बिंद चतुर्थ व शिवा पंचम स्थान पर रहे। इन सभी को मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने टेबलेट प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसमें प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त विजेता को हवाई जहाज से एक्सपोजर विजिट के लिए बंगलूरू भेजा जाएगा।
इस प्रतियोगिता में सभी विकास खंड से आए 65 बच्चों ने प्रतिभाग किया। विज्ञान क्विज में ममता राज, राजदीप, शुभम, ममता व अनुषा को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंंडल में राजकीय इंटर कालेज के उप प्रधानाचार्य जयसिंह, जीजीआईसी की ज्योति गोयल व डायट प्रवक्ता नीरज कुमार रहे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने सांत्वना पुरस्कार व प्रतिभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर डीसी प्रशिक्षण प्रभात बाजपेयी, बीईओ रविंद्र शुक्ला, राजेश श्रीवास्तव, संजय कुमार यादव आदि थे।