जिगना ओवरब्रिज के पास आटो पलटने से मृत आसिफ अहमद की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जिगना ओवरब्रिज के पास मंगलवार की रात 11 बजे नीलगाय से टक्कर के बाद अनियंत्रित ऑटो डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार आसिफ अहमद की मौत हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के जसोवर पहाड़ी निवासी माे. खलील ने बताया कि उनके बेटे आसिफ अहमद (26) के दोस्त सादाब की भतीजी का निकाह चार जनवरी को प्रयागराज के भारतगंज में हुआ था। मंगलवार को उसकी विदाई कराने सादाब और आफिस गए थे। रात को विदाई होने के बाद सादाब अपनी भतीजी के साथ दूसरे वाहन से लौटा। आसिफ गांव के ही ऑटो चालक जमीर खां के साथ लौट रहा था। रास्ते में जिगना ओवरब्रिज के पास अचानक सामने नीलगाय आ गई। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसे में आसिफ अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची जिगना पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। मंडलीय अस्पताल में डाॅक्टर ने आसिफ को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो पलटने से सवार युवक आसिफ की मौत हो गई।