संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। राजगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह का गांजा तस्कर से पैसे मांगने का कथित ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
ऑडियो में मुख्य आरक्षी के तस्कर से दो महीने का बकाया पैसा मांगने जाने की बात कही जा रही है। ऑडियो जारी होने के बाद एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मामले की जांच के बाद मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह को दोषी निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
वायरल ऑडियो में राजगढ़ थाने का मुख्य आरक्षी फोन पर किसी गांजा तस्कर से बातचीत कर रहा है। ऑडियो में मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह कथित रूप से कह रहा है कि दो महीने का पैसा बाकी है। इस पर गांजा तस्कर पिछले महीने के तीन हजार रुपये दिए जाने की बात कहता है। इसके बाद दोनों के बीच पैसों को लेकर बातचीत होती है। ऑडियो में मुख्य आरक्षी कथित रूप से अप्रैल का पैसा मिलने और मई-जून का बकाया होने की बात कहता है। बातचीत में गांजा तस्कर पैसे देने की बात कहते हुए परेशान न करने का आग्रह करता है। इसके बाद मुख्य आरक्षी कथित रूप से तीसरे व्यक्ति के माध्यम से पैसा भेजने की बात कहता है।