मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट रेेलवे क्रासिंग के पास मंगलवार भोर में ओवरलोड वाहनों का चालान कर लौट रहे एआरटीओ के वाहन पर कुछ लोगों ने लोहे के राड से हमला कर दिया। इसके चलते गाड़ी का शीशा टूटने से एआरटीओ के चेहरे पर चोट आ गई। मामले में एआरटीओ की तहरीर पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एआरटीओ रविकांत शुक्ला ने बताया कि वह टीम के साथ सोमवार की रात 10 बजे ओवरलोड वाहनों की जांच करने निकले थे। इस दौरान बरौधा चौकी और भरुहना चौराहे के बीच तीन ओवरलोड ट्रक मिले। कागजात मांगने पर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इस पर तीनों ट्रकों का चालान कर दिया। बताया कि इनमें से कोटवां पांडेय निवासी व्यक्ति के ट्रक का चालान करने पर 10 से 12 लोगों ने लोकल गाड़ी का चालान करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसी तरह, दांती कोटवा निवासी व्यक्ति के ट्रक का चालान करने पर कुछ लोग मारपीट पर उतारू हो गए। बताया कि वापस होते समय मंगलवार भोर में साढ़े तीन बजे आमघाट रेेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होने के कारण उनकी गाड़ी रुक गई। उस दौरान वहां छिपे छह-सात लोगोें ने लोहे के रॉड और डंडे से हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड मारकर बायीं ओर का शीशा तोड़ दिया। इससे उनके चेहरे पर भी चोट आ गई। इसके बाद हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वे फरार हो गए। आरोप लगाया कि बरौधा चौकी और भरुहना चौराहे के बीच जिन लोगों की गाड़ियों का चालान किया गया है, इन्हीं लोगों ने हमला कराया है। सीओ सदर डा. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।