क्षेत्र के मसारी गांव में ग्राम चौपाल में मौजूद ग्रामीण, संवाद
मिर्जापुर। गांवों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कहीं नोडल अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को मायूसी हाथ लगी तो कहीं पेयजल, पेंशन, आवास और बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं उठीं।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने समस्याएं रखकर समाधान की मांग की। सिटी ब्लॉक के सरैया और मसारी गांव में आयोजित चौपाल में सरैया में नोडल अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी रही।
ग्रामीण समस्याएं रखने पहुंचे थे, लेकिन अधिकारी के नहीं आने से उन्हें निराश लौटना पड़ा। वहीं, मसारी गांव में एडीओ पंचायत अनूप कुमार दूबे ने समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की मरम्मत और शौचालय व आवास दिलाने की मांग की। जिगना : छानबे ब्लॉक के बरहा खुर्द और भैदपुर गांव में चौपाल के दौरान जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति नहीं होने, आवास और पेंशन का मुद्दा उठा। बरहा खुर्द में एडीओ समाज कल्याण प्रेमचंद पटेल और सचिव मुस्ताक अहमद ने समस्याएं सुनीं।
जमुना प्रसाद ने वृद्धावस्था पेंशन की मांग की तो उन्हें आवेदन करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री की जानकारी दी। भैदपुर में सचिव शौरभ गौड़ और प्रशासक प्रतिनिधि रामअवध पांडेय ने समस्याओं के जल्द निस्तारण का भरोसा दिया।