सृजनात्मक वैज्ञानिक नवीनीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रतिभावान प्रतिभा को बाल श्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय बाल भवन की ओर से नई दिल्ली में आयोजित बाल श्री सम्मान (वर्ष 2011) के तहत मेधावी छात्रा प्रतिभा तिवारी को सम्मानित किया गया।
प्रतिभा अंतरिक्ष यात्री बनकर देश सेवा करने का जज्बा रखे हुए है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 29 जनवरी को बाल श्री सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय बाल भवन की ओर से आयोजित समारोह के दौरान जनपद की मेधावी छात्रा प्रतिभा तिवारी को बाल श्री अवार्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति जूबिन ईरानी ने प्रतिभा को बाल श्री अवार्ड सहित प्रशस्ति पत्र, किसान विकास पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। संत रविदास नगर सीतामढ़ी भदोही में स्थित दयावंती कुंज माडल स्कूल की 11वीं कक्षा में अध्ययनरत प्रतिभा अंतरिक्ष यात्री बनकर देशसेवा करना चाहती हैं।
नगर के मुंहकुचवां निवासी व्यवसायी केशवनाथ तिवारी उर्फ मुन्ने तिवारी की पुत्री प्रतिभा को विज्ञान से बचपन से ही लगाव है। प्रतिभा का कहना है कि माता-पिता के आशीर्वाद का ही परिणाम है कि इस मुकाम पर पहुंच पाई हूं।
आठ घंटे तक प्रतिदिन अध्ययन के अलावा म्यूजिक पसंद करने वाली प्रतिभा अंतरिक्ष यानी बनकर नासा से भी आगे (इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन (इसरो) को लेकर जाने की चाहत रखती है।