हार्ट अटैक की आशंका, सीने में तेज दर्द उठने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। स्वास्थ्य विभाग में तैनात सहायक सांख्यिकी अधिकारी की सोमवार को मौत हो गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। मूलत: चुनार निवासी अभिषेक सिंह (32) सात माह पूर्व सीएमओ कार्यालय के अधीन सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर तैनात हुए थे। उनके पट्टीदार लोढ़ी में रहते हैं। वर्ष 2022 में राॅबर्ट्सगंज के कम्हारी गांव में शादी हुई थी। परिजनों ने बताया कि अभिषेक एक माह से अधिक समय से पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ कम्हारी स्थित ससुराल में ही रहते थे। रविवार रात 11 बजे के करीब सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। परिजन उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सक ने भर्ती और जांच के बजाए इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया। भोर में तबीयत अधिक खराब देख परिजन उन्हें दोबारा नगर के एक दूसरे निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। दोपहर बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।