नगर पालिका परिषद मिर्जापुर की बोर्ड बैठक में सभासदों ने उठायी आवाज
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर की बोर्ड बैठक शनिवार को लालडिग्गी स्थित कर कार्यालय सभागार में हुई।
जिसमें सभासदों ने नगर में स्वकर प्रणाली लागू करने के लिए समिति गठित करने की मांग किया। जिससे न्यायसंगत तरीके से नगर में स्वकर प्रणाली को लागू किया जा सके।
बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार द्वारा बिंदुवार कार्यवृत्ति को पढ़ा गया। सभासद ताबीर शौकत ने कहा कि स्वकर प्रणाली लागू करने से पहले समिति का गठन किया जाए।
समिति के मशवरे के बाद ही स्वकर प्रणाली लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर में खुल रहे होटल, लाज और मैरिज हालों पर भी अंकुश लगाया जाए और इन पर भी स्वकर प्रणाली लागू किया जाए। जिससे पालिका के आय में वृद्धि हो सके।
सभासद अवनीश मिश्रा ने विंध्याचल के बरतर और पुरानी वीआईपी में खराब मिनी ट्यूबवेल को दुरुस्त कराने की मांग किया।
उन्होंने कहा कि विगत आठ माह से मिनी ट्यूबवेल खराब होने से दर्शनार्थियों और लोगाें को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र आरंभ होने के पूर्व मिनी ट्यूबवेल नहीं बनाया गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि मिनी ट्यूबवेल नहीं बनने पर वीआईपी दर्शन नहीं कराने दिया जाएगा।
बैठक में लवकुश प्रजापति और अर्चना गुप्ता ने संविदा कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाए जाने की मांग किया। उन्होंने कहा कि जब सफाई कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय दिया जा रहा है तो जलकल में कार्य करने वाले संविदाकर्मचारियों को कम क्यों दिया जा रहा है।
मो. जावेद और द्वारिका साहू ने वार्डो में विधायक निधि से लगे हैंडपंपों की मरम्मत के बारे में पूछा। सभासद ने कहा कि ऐसे हैंडपंपों का मरम्मत कराया जाए कि नहीं।
जिस पर हैंडओवर होने तक विधायक निधि से लगे हैंडपंपों के रिबोर कराने पर मना कर दिया गया ।
बोर्ड बैठक में प्रदीप सोनकर, राजेश सोनकर, अवनीश मिश्रा, दुर्गेश्वरी देवी, मनोज सेठ, टीएस सुनील त्रिपाठी, केएनए एलएम यादव, संजय श्रीवास्तव, केके शुक्ला, जलकल अभियंता आरएस मिश्रा आदि मौजूद रहे।