राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के साथ आर्यन गुप्ता। स्राेत- खिलाड़ी
दिल्ली में 10 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान, पंजाब और पुणे के धावक रहे दूसरे व तीसरे स्थान पर
मिर्जापुर। राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मिर्जापुर के आर्यन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। रविवार को दिल्ली के सिंधु बॉर्डर स्थित राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में स्पोर्ट्स गेम्स एंड डेवलपमेंट फेडरेशन (एसजीएडीएफ) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में आर्यन ने 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में पंजाब के गुलबीर सिंह ने दूसरा और पुणे के विजय सेठ ने तीसरा स्थान हासिल किया। आर्यन मिर्जापुर के जंगी रोड स्थित काजी तालाब के रहनेवाले हैं। उनकी इस उपलब्धि से जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता अभिलेष गुप्ता और गीता गुप्ता के आशीर्वाद के साथ ही कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने गुरु पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल और शालिनी अग्रवाल के मार्गदर्शन व प्रोत्साहन को भी सफलता का आधार बताया। आर्यन ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, गुरुजनों और पूरे मिर्जापुर की जीत है।