मिर्जापुर। विंध्याचल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निजामुद्दीन मरकज से लौटने के बाद क्वारंटीन किया गया एक और जमाती कोरोना संक्रमित मिला है। गुरुवार की शाम कोरोना जांच के लिए भेजा गया सैंपल पाजिटिव मिला है। रिपोर्ट पाजिटिव मिलने की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया है। कोरोना संक्रमित तीसरा जमाती चुनार के एक गांव का निवासी है। उसकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके साथ के छह और जमतियों की भेजी गई रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उसे आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। आईसोलेशन में अब कोरोना के चार मरीज हो गए है। इसमें मिर्जापुर जिले के अहरौरा, जमालपुर और चुुुनार थाना क्षेत्र के तीन जमाती है और एक भदोही से आया बिहार का मजदूर शामिल है।
दो अप्रैल को नौ जमातियों को विंध्याचल के सीएचसी में क्वारंटीन किया गया था। इनमें निजामुद्दीन मरकज से लौटे छह जमातियों जिनमें अदलहाट थाना क्षेत्र के तीन, चुनार, अहरौरा व जमालपुर के एक-एक जमाती और देहरादून मरकज से लौटे नगर के कटरा कोतवाली क्षेत्र निवासी तीन लोग शामिल थे। चार अप्रैल को अहरौरा के बसाढ़ी और जमालपुर के लठिया सहजनी के जमाती की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने पर उन्हें आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। बाकी सात की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया। सात निगेटिव पाए गए जमातियों की 13 अप्रैल को दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। 15 अप्रैल को पाजिटिव जमातियों का भी दोबारा सैंपल भेजा गया है। सीएमओ डा. ओपी तिवारी ने बताया कि गुरुवार की देर शाम को 13 अप्रैल को भेजे गए 25 सैंपल में 15 की रिपोर्ट आई है। इसमें से 14 निगेटिव और एक पाजिटिव है। संक्रमित पाया गया जमाती चुनार कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। छह अन्य जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि फोन से यह जानकारी मिली है। अभी रिपोर्ट यहां नहीं पहुंची है। इसे भी आइसोलेट कर दिया गया है।