कार के टक्कर से घायल संदीप की मौत । फाइल फोटो। स्रोत- परिवार
पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के कचरिया गांव के पास लालगंज -कलवारी संपर्क मार्ग पर सोमवार को कार की टक्कर से घायल दूसरेे बाइक सवार की भी मंगलवार की रात ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में मौत हो गई। उसके साथी की सोमवार को ही रात में मौत हो गई थी। अमोई पुरवा के रजगढ़वा निवासी बहादुर ने बताया कि उनका बेटा संदीप (19) अपने साथी आकाश (20) के साथ 26 जनवरी को कचरिया स्थित एक दुकान पर सामान लेने गया था। सामान लेकर घर लौटते समय कचरिया के पास लालगंज की तरफ से आ रही कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायलों को लालगंज सीएचसी ले जाया गया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। आकाश की रास्ते में ही मौत हो गई। संदीप का ट्राॅमा सेंटर में इलाज चल रहा था। मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान संदीप की भी मौत हो गई । मंगलवार को परिजन आकाश का दाह-संस्कार कर लौटे थे तब तक संदीप की मौत की सूचना भी आ गई। संदीप छह भाइयो में पांचवे नंबर का था। संदीप की माता की मौत पहले हो चुकी थी । गांव में दो मौत से मातम पसरा है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पिता बहादुर की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कार को थाने में खड़ा कराया गया है।
.