मिर्जापुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने ऑनलाइन निरीक्षण में अनुपस्थित मिले 51 शिक्षकों की एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोक दी है। साथ ही शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का अप्रैल माह का मानदेय रोक दिया है। बीएसए कार्यालय की ओर से मार्च व अप्रैल माह में जिले के परिषदीय विद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण किया गया था। इसमें 51 शिक्षक, 91 शिक्षामित्र व 44 अनुदेशक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले थे। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी जवाब मांगा गया था। नोटिस का कुछ ने जवाब नहीं दिया तो कुछ लोगों के जवाब संतोषजनक मिले। इस पर बीएसए ने 51 शिक्षकों की एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोक दी है। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित रहे शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का मानदेय भी रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया गया।