सक्तेशगढ़। चुनार और राजगढ़ पुलिस ने बुधवार को दोपहर में सक्तेशगढ़ के आगे टेढि़या नीम जंगल में हुई मुठभेड़ में पशु तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक पशु तस्करी के आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी मौका पाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। उसके पास से पिकअप में बांध कर वध के लिए ले जाए जा रहे आठ मवेशी बरामद हुए।
चुनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप पर कुछ पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर चुनार थाने की पुलिस वाहनों की जांच करने लगी। इस दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप आते हुए दिखाई दी। पिकअप चालक ने पुलिस देख कुछ दूर पहले ही वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। सक्तेशगढ़ के टेड़िया नीम जंगल में पशु तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई। जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। चुनार, राजगढ़ व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पिकअप वाहन चालक अल्ताफ उर्फ सोनू निवासी शिवरामपुर थाना चांद जिला भभुआ बिहार को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रामा सेंटर मिर्जापुर ले जाया गया। जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, खोखा और कारतूस पिकअप से आठ पशु बरामद किया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि पशुओं को लेकर जाने की सूचना पर घेरेबंदी की गई तो पशु तस्कर ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी बचते हुए आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। जिसमें पैर में गोली लगने से तस्कर अल्ताफ घायल हो गया। आरोपी तस्कर के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।