ड्रमंडगंज। राम बरात के दौरान सोमवार की रात रामलीला मंच पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंच से नीचे उतारे जाने से नाराज युवक ने कार्यक्रम में रामलीला प्रभारी को नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक मंच पर चढ़ता दिखाई दे रहा है। उसे नीचे उतारे जाने के बाद वह दोबारा मंच पर चढ़ गया और कार्यक्रम प्रभारी को पकड़कर नीचे गिरा दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद दर्शकों में अफरातफरी मच गई। रामलीला कमेटी ड्रमंडगंज के अध्यक्ष आशीष गुप्ता गुड्डू ने बताया कि राम बरात के दौरान कमेटी के पदाधिकारी मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक मंच पर चढ़कर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने लगा। कार्यक्रम प्रभारी शत्रुघ्न केशरी उर्फ मारू सेठ ने उसे मंच से नीचे उतार दिया। इससे नाराज युवक ने उन्हें पकड़कर मंच से नीचे गिरा दिया। युवक के परिजनों ने उसकी गलती के लिए कमेटी से माफी मांगी है।