हलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के हलिया कस्बा में पुराने थाने के सामने स्थित हनुमान मंदिर का ताला शुक्रवार दोपहर में अराजकतत्वों ने तोड़ दिया। शुक्रवार दोपहर बाद मंदिर की साफ सफाई करने पहुंचे पुजारी भीम दत्त त्रिपाठी मंदिर का ताला टूटा देख हैरान रह गए। भीतर जाकर देखा तो मंदिर में रखा सिंदूर, प्रसाद, चमेली का तेल आदि इधर-उधर फेंका पाया। पुजारी भीम दत्त त्रिपाठी ने बताया कि इससे पूर्व भी तीन बार अराजकतत्वों द्वारा मंदिर का ताला तोड़ चुके है। पुजारी ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान को देने के बाद ताला तोड़ने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है। मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा पर चांदी मुकुट लगाया गया है। चोरी की आशंका जताई कि अराजकतत्वों ने मंदिर में लगे मुकुट और पैसों के लिए ताला तोड़े होंगे, लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। पुजारी ने बताया कि मंदिर में नही रहने पर अराजकतत्वों द्वारा गंदगी किया जाता है, गिरगिट आदि मारकर फेंक दिया जाता है। अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया।