पटेहरा। एक सप्ताह पहले नाबालिग पुत्री से छेड़खानी के बाद बृहस्पतिवार को मारपीट करने के मामले में संतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने तहरीर देकर बताया कि एक सप्ताह पहले उनकी 14 वर्षीय पुत्री गाय चराने गई थी। इस बीच गांव का ही एक युवक दुष्कर्म करने की नियत से जंगल की तरफ खींचकर ले गया था। पुत्री ने किसी तरह वहां से भागकर घर आकर जानकारी दी। परिजन युवक के घर शिकायत करने गए तो वह भाग गया। एक सप्ताह बाद जब बृहस्पतिवार को उसके घर आने पर किशोरी के परिजन पहुंचे तो आरोपी युवक ने मारपीट की। किशोरी के पिता ने संतनगर थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। संतनगर थाना प्रभारी कमल टावरी ने बताया की मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।