जिला मुख्यालय पर सिल्ट सफाई में धांधली का आरोप लगाते राष्ट्रवादी मंच के कार्यकर्ता, स्रोत सोशल
मिर्जापुर। जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी मंच के कार्यकर्ताओं ने गंगा घाटों से सिल्ट हटाने के नाम पर अनियमितता का आरोप लगाया। साथ ही जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर जांच की मांग की। राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि कल तक जिस घाट की सफाई नि:शुल्क होती थी, उस पर पहली बार करीब 27.40 लाख रुपये खर्च दिखाकर गोलमाल किया गया है। यह भी आरोप लगाया गया कि नगर पालिका के सिविल निर्माण कार्यों व जलकल विभाग में पेयजल आपूर्ति मद के अंतर्गत नियमों की अनदेखी कर करोड़ों रुपये का दुरुपयोग किया जा रहा है। विभागीय लोगों की मिलीभगत से बिना टेंडर ओवर-इस्टीमेटिंग, फर्जी बिलिंग एवं मनमाने टेंडर कराए जा रहे हैं। कोटा पूर्ति के लिए बाद में टेंडर कराया जा रहा है। कहा कि तमाम कार्यों को टेंडर जारी होने से पहले ही पूर्ण करा लिया गया। जलकल विभाग में भी चल रहे खेल के जांच की मांग की गई। मांग की गई कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र तकनीकी एवं वित्तीय जाँच कराई जाए। दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर रवि पुरवार, आनंद अग्रवाल, पारस मिश्र, मधुकर पांडेय, विनोद पांडेय, अनिल गुप्ता आदि रहे।