डाफी टोल से अमरा चौराहे के बीच ढाबों, होटलों से हर महीने 10 से 50 हजार तक की अवैध वसूली
विज्ञापन
संगम ढाबा के संचालक ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, साक्ष्य में ऑडियो-वीडियो माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ढाबों और दुकानों से जबरन अवैध वसूली का मामला सामने आया है। रोहनिया के अखरी बाईपास पर संगम ढाबा के संचालक साहिल सिंह ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। साहिल ने टोल मैनेजमेंट के अधिकारियों और पेट्रोलिंग टीम पर हर महीने 10 से 50 हजार रुपये तक वसूली के आरोप लगाए।
साहिल सिंह ने सीपी को बताया कि पैसे न देने वाले दुकानदारों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है। दावा किया कि पेट्रोलिंग टीम के एक कर्मचारी ने दो बार 75000 और एक बार 15000 रुपये लिए थे। हाल ही में एक कर्मचारी ने उनकी दुकान का रास्ता बंद करने की धमकी दी। रुपये की मांग की गई। 20000 रुपये से अधिक देने से मना किया तो रास्ता तोड़ने का झूठा आरोप लगाकर रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। साहिल सिंह ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में एनएचएआई अधिकारियों और कर्मचारियों के पैसे मांगने और लेते समय का वीडियो और ऑडियो भी साक्ष्य के तौर पर सौंपा है। पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की जांच एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा को सौंपी है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।