मिर्जापुर। अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अब नारायनपुर बाजार कर दिया गया है। इसका लोकार्पण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित पैदल यात्री पुल का लोकार्पण किया। पार्टी पदाधिकारियों के साथ पुल पर भ्रमण भी किया।
उन्होंने कहा कि नारायनपुर बाजार में अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन स्थित है, परंतु स्टेशन का नाम नारायनपुर बाजार के नाम पर न होकर अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन था। अहरौरा बाजार इस स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर दूर और दक्षिण दिशा में स्थित है। ऐसी स्थिति में यात्रियों के बीच हमेशा भ्रम की स्थिति बनी रहती थी। इसके लिए वर्ष 2019 में प्रयास किया गया। जिसके बाद बीते 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी गई। अब नाम परिवर्तित कर नारायनपुर बाजार कर दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को इस स्टेशन की पहचान करने में काफी सुविधा होगी। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पैदल उपरिगामी पुल का शुभारंभ करते हुए सांसद ने कहा कि मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के दिल्ली छोर की ओर एक नवनिर्मित पैदल यात्री पुल का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। लगभग 8.6 करोड़ की लागत से बना यह नवनिर्मित पैदल यात्री पुल छह मीटर चौड़ा है। इससे यात्रियों को सुविधा होगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 25000 करोड़ की लागत से देश भर के 1309 स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। मिर्जापुर क्षेत्र के तीन प्रमुख स्टेशनों विंध्याचल, मिर्जापुर व चुनार स्टेशन को विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त स्टेशन बनाने का कार्य किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों तक पहुंच में सुधार लाने, परिचालन, प्रतीक्षालयों, शौचालयों, आवश्यकतानुसार लिफ्ट, स्वचालित सीढि़यों, स्वच्छता, नि:शुल्क वाई-फाई, ‘एक स्टेशन-एक उत्पाद’ आदि की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर एक्जीक्यूटिव लाउंज, व्यापारियों के बैठकों के लिए नामांकित स्थान, प्रत्येक स्टेशन की आवश्यकतानुसार लैंडस्केपिंग आदि के लिए मास्टर प्लान तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जाने हैं। इसके साथ ही स्टेशन की इमारत में सुधार, शहर के दोनों छोर के साथ स्टेशन को एकीकृत करने, मल्टी मॉडल एकीकरण, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। स्टेशन पर रूफ प्लाजा और लंबी अवधि में स्टेशन पर सिटी सेंटर की चरणबद्ध योजना और निर्माण की भी परिकल्पना की गई है। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर दो एसी वेटिंग हाल बनाए जाएंगे। मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने कहा कि संचालन की दृष्टि से अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन प्रयागराज मंडल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। केंद्रीय मंत्री के प्रयास से स्टेशन को नई पहचान मिली है। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पैदल यात्री पुल शुरू होने से प्लेटफार्म संख्या एक, दो और तीन आपस में जुड़ गए हैं। उपरिगामी पुल के बन जाने से दिल्ली छोर से ट्रेन पकड़ने एवं उतरने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिला कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन जगदीश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष रामलोटन बिंद आदि मौजूद रहे। संचालन रेलवे के पीआरओ अमित सिंह ने किया।