जिगना। विकास खंड छानबे के ग्राम पंचायत बरीदुबे में वर्ष 2014 -15 में इंदिरा आवास में हुई धांधली की जांच पड़ताल पुलिस की ओर से फिर से शुरु हो गई है। विवेचना सेल के निरीक्षक अरुण कुमार दुबे व श्याम बिहारी ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय विजयपुर पहुंच कर अभिलेखों की जांच पड़ताल की। फिर से कागजातो की हुई जांच पड़ताल से ब्लॉक में एक बार फिर हड़कंप मच गया है।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत बरीदुबे में वर्ष 2014-15 में 45 इंदिरा आवास मे 32 आवास बनवाए ही नहीं गए और पैसा निकल गया। जिसमें गांव के सिक्रेटरी विनोद कुमार ने प्रधान पति सहित 36 लाभार्थियों के खिलाफ जिगना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था। आवास घोटाले के मामले मे तत्कालीन खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे ने 18 अक्तूबर 16 को ग्राम के सिक्रेटरी विनोद कुमार आवास के जांच मे लगे एडीओ कृष्णा नंद विश्वकर्मा, एडीओ सहकारिता रणेंद्र नाथ दुबे तथा तीन बैंक प्रबंधक के खिलाफ धारा 409 - 420 - 419 - 467 में रिपोर्ट दर्ज कराया था। जिसकी विवेचना जिगना पुलिस की ओर से की जा रही थी। निरीक्षक अरुण कुमार दुबे व श्याम बिहारी ने बताया कि कागजात की छानबीन की जा रही है। पैसे की रिकबरी किससे होगी तलाश किया जा रहा है। उन्होंने कहा जांच बाद दोषी के खिलाफ कार्यवाही तय है।