सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित गोष्ठी में शामिल सीएमओ डा. केके मिश्रा व अन्य अधिकारी। स्रोत-
मिर्जापुर। तंबाकू नियंत्रण विभाग की ओर से सोमवार को मोर्चाघर स्थित सीएमओ कार्यालय के विवेकानंद सभागार में तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इसमें तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं को इससे दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके नियमित सेवन से कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके मिश्रा ने कहा कि तंबाकू का सेवन शरीर के कई अंगों को प्रभावित करता है। इससे मुंह, गले और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियां भी हो सकती हैं। युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए परिवार, शिक्षकों और समाज के लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। बच्चों और किशोरों को तंबाकू उत्पादों के नुकसान के बारे में जागरूक करना जरूरी है।
एसीएमओ डॉ. मुकेश ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। इसके लिए स्कूलों के आसपास संचालित दुकानों पर निगरानी रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है।
गोष्ठी में तंबाकू सेवन की शुरुआत रोकने, इसकी लत से बाहर निकलने और लोगों को तंबाकू मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने अपील की कि युवा तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।