मिर्जापुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज लाल बाबू यादव ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कारागार का निरीक्षण किया। इसके बाद जेल परिसर में उन्होंने पौधा लगाया। निरीक्षण के दौरान जेल में 726 बंदी मिले। उन्होंने कारागार के कार्यालय व अभिलेखों निरीक्षण किया।
अपर जिला जज के साथ प्रभारी जेल अधीक्षक आशुतोष मिश्रा ने प्रत्येक बैरक में जाकर एक-एक बंदी से उसके स्वास्थ्य, इलाज, दवा, पेयजल, नाश्ता, भोजन आदि के बारे में जानकारी ली। साथ ही मुकदमे में पैरवी के लिए अधिवक्ता होने अथवा न होने की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व पर्यावरण पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। साथ ही बंदियों के लिए उपलब्ध शौचालयों व जेल की नालियों की साफ-सफाई की व्यवस्था पर ध्यान दिए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता व इलाज पर विशेष ध्यान दिए जाने का निर्देश दिया। कहा कि कारागार के अस्पताल में बीमार बंदियों को बेहतर इलाज की आवश्यकता हो तो उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजवाने की व्यवस्था करें। महिला बैरक में पहुंचकर उन्होंने महिला बंदियों की समस्याओं की सुनवाई की। प्रभारी जेल अधीक्षक व डिप्टी जेलर को निर्देशित किया कि बंदियों के परिजनों से बातचीत जेल पीसीओ के माध्यम से कराई जाए। यदि किन्ही कारणवश पीसीओ के माध्यम से बंदियों के परिजनों से मुलाकात एवं बातचीत नहीं हो पा रही है तो उनके पते पर पोस्टकार्ड के माध्यम से अविलंब सूचना भेजवाएं। इस दौरान वरिष्ठ सहायक दीपक कुमार श्रीवास्तव, रंजित कुमार आदि मौजूद रहे।