मिर्जापुर। जिले में शुक्रवार को अकीदत के साथ जुमा अलविदा की नमाज पढ़ी गई। जिला प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मस्जिदों में निर्धारित संख्या में ही लोग पहुंचे और नमाज अदा की।
जिला प्रशासन ने एक दिन पूर्व ही मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर आग्रह किया था कि कोरोना के कहर को देखते हुए लोग अपने घरों में ही नमाज पढ़े। मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए पांच की संख्या निर्धारित की गई थी। इसको ध्यान में रखकर लोगों ने अपने घरों में ही नमाज अदा की। हालांकि बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में जाने के लिए निकले थे लेकिन जा नहीं सके। प्रशासन की ओर से सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई थी। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी लोगों को समझाया कि इस महामारी को देखते हुए लोग अपने घरों में ही नमाज अदा करें। यह जरूर रही कि शुक्रवार को दिन भर लोगों का आवागमन जारी रहा। बाजार भी कमोवेश खुले ही रहे। धार्मिक रीति रिवाजों को देखते हुए प्रशासन ने भी अधिक कड़ाई नहीं की। फिलहाल अधिकारियों का चक्रमण जारी रहा।