मिर्जापुर। पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र आरपी सिंह ने बुधवार को कैंप कार्यालय में परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के यातायात प्रभारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था में सुधार की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रभारियों को सड़क से अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भी निर्देश दिया।
उन्होंने सुचारु यातायात के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन खड़ी करने के लिए स्टैंड का निर्धारण कराने को कहा। उन्होंने नो एंट्री में वाहनों के प्रवेश पर कड़ाई से रोक लगाने, बाजार में माल वाहनों व ठेले आदि से लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए कड़ाई से यातायात नियमों का पालन कराने की हिदायत भी दी। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि जनपद के किसी भी हाईवे व सड़क पर अवैध रूप ट्रक व अन्य वाहन खड़े न हो पाएं। उन्होंने सड़क पर अवैध अतिक्रमण, अवैध टैक्सी व बस स्टैंड संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराएं। उन्होंने ओवरलोड चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने आगाह किया कि वाहनों से अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना पर रोक लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित स्थलों पर जरूरी कदम उठाने तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर तत्काल उचित इलाज की व्यवस्था कराने पर भी जोर दिया।