मिर्जापुर। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने स्टांप चोरी के एक मामले में बृहस्पतिवार को जंगी रोड स्थित, (मोहल्ला सोहता अड्डा) के भवन का निरीक्षण किया। इस भवन को प्लाट दिखाकर रजिस्ट्री कराकर स्टांप की चोरी की गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि स्टांप चोरी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सब रजिस्ट्रार को निर्देशित किया। सब रजिस्ट्रार सुनील सिंह ने बताया कि अजय कुमार खत्री एवं नीलम खत्री ने अपने निर्मित भवन को नितिन खत्री, अंकित खत्री एवं विपिन खत्री को दान में दिया है। जिसकी रजिस्ट्री कराते समय जमीन के क्रेता के द्वारा उक्त भवन को खाली जमीन दिखाकर कम स्टाम्प लगाकर रजिस्ट्री करा लिया गया। मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी एवं सब रजिस्ट्रार के द्वारा मौके पर जाकर भवन का निरीक्षण किया गया। मौके पर एक बडा भवन बना हुआ पाया गया। सब रजिस्ट्रार ने बताया कि क्रेता के द्वारा तीन लाख 16 हजार की स्टाम्प की चोरी की गयी। जिनके लिए नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि स्टाम्प चोरी कानूनन दण्डनीय अपराध की श्रेणी में है। स्टांप चोरी करने वालों के विरूद्ध नियामानुार कार्रवाई की जाएगी।