मिर्जापुर। राजस्व परिषद के अध्यक्ष रजनीश दुबे ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी., जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। सभी एसडीएम को उन्होंने अपने तहसील क्षेत्र में 10 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने चल संपत्ती की नीलामी करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने एसडीएम तथा तहसीलदार को राजस्व वसूली बढ़ाने के अलावा बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मुकदमों के निस्तारण को प्राथमिकता देने की हिदायत दी। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों पुराने राजस्व वादों का साप्ताहिक तिथि लगाकर निस्तारण कराने तथा सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने सभी नए एसडीएम और तहसीलदारों को राजस्व मैनुअल का अध्ययन करने का निर्देश दिया। कहा कि जमीन संबंधी मामलों में राजस्व अधिकारी संवेदनशील बनें और अवैध रूप से कब्जा कर रजिस्ट्री कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि स्टांप विभाग के उप निबंधक भी समय-समय पर रजिस्ट्री की जाने वाली जमीन का मौके पर जाकर परीक्षण करें। उन्होंने न्यायालय में लंबित वादों के निस्तारण, ई-खतौनी, ई-पड़ताल, खतौनी पुनर्निर्धारण, अंश निर्धारण आदि का क्रियान्वयन नियमानुसार करने को कहा। घरौनी के मामले में भी प्रभावी कदम उठाने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि 10 जून से सीमा स्तंभ लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदार को अभियान के दौरान सीमा स्तंभ लगवाने का काम पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह, सीआरओ सत्य प्रकाश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।