आचार्य रामचंद्र शुक्ल की 141 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते मुख्य अतिथि
मिर्जापुर। आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को हिंदी विभूति आचार्य रामचंद्र शुक्ल की 141 वीं जयंती व महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ने आचार्य रामचंद्र शुक्ल और महर्षि वाल्मीकि की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करके किया। उन्होंने कहा कि आचार्य शुक्ल का जन्म बस्ती में हुआ लेकिन उन्होंने मिर्जापुर में रहते हुए हिंदी साहित्य के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। आचार्य शुक्ल ने साहित्य के माध्यम से सबका मार्गदर्शन किया। नगर पालिका मिर्जापुर अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आचार्य रामचंद्र शुक्ल जैसे महान साहित्यकारों ने मिर्जापुर को कार्य क्षेत्र बनाया। आचार्य शुक्ल के पौत्र राकेश चंद्र शुक्ल ने अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। साहित्यकार माधव कृष्ण को आचार्य रामचंद्र शुक्ल सम्मान 2025 दिया गया। पिछले 2 वर्षों से यह सम्मान आलोचना साहित्य में विशेष योगदान के लिए चुने हुए साहित्यकार को दिया जा रहा है। अध्यक्षता कर रहे डॉ. अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने विपरीत परिस्थितियों में भी हिंदी साहित्य का इतिहास लिखने का कार्य किया। संचालन आनंद अमित ने किया। धन्यवाद राकेश चंद्र शुक्ल ने किया। इस दौरान लालब्रत सिंह, डॉ. नीरज त्रिपाठी, भोलानाथ कुशवाहा ने आचार्य शुक्ल के साहित्यिक जीवन व उनके लेखन पर अपना वक्तव्य दिया। प्रबंधक राकेश शुक्ल ने आचार्य रामचंद्र शुक्ल विश्वविद्यालय नामकरण और बाल्मीकि जयंती के साथ आचार्य शुक्ल जी की जयंती को भी जोड़ने के लिए मुख्यातिथि को ज्ञापन सौंपा।