राजगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में आए युवक ने एक नाबालिग किशोरी को बहलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की जानकारी होने पर किशोरी के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ राजगढ़ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी से गांव में आई बरात में युवक से मुलाकात होने पर दोनों में दोस्ती हो गई। युवक अपने बुआ के घर आया हुआ था। किशोरी को युवक अपने बुआ के किराना के दुकान कर बुलाकर मिलता था। एक दिन मौका देखकर किशोरी को लेकर अपने घर सोनभद्र जनपद चला गया। तीन दिन किशोरी को अपने घर रखने के बाद उसे उसके गांव लाकर छोड़ दिया। इस पर किशोरी के पिता ने राजगढ़ थाने में बृहस्पतिवार की शाम युवक के खिलाफ तहरीर देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश में जुट गई। शनिवार को सुबह पुलिस ने आरोपी युवक को धनसिरिया के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया कि किशोरी के पिता द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी संतोष निवास जिला सोनभद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।