अदलहाट पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी विशाल गिरी। स्रोत- पुलिस
अदलहाट। टेड़ुआ गांव में बुधवार को पैसा नहीं देने पर विवाद के बाद गैंगस्टर की चाकू मारकर सिर पर बोल्डर पटकने से मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार विशाल गिरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। टेड़ुआ गांव निवासी मंगला प्रसाद गिरी ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र सूरज गिरी है। इसको 10 वर्ष से बेदखल किया गया है। बुधवार को साढ़े 12 बजे पुत्र सूरज गिरी घर के बगल में सड़क पर गुमटी पर पहुंचा। दुकानदार विशाल गिरी से सूरज ने कुछ सामान खरीदा। लेन देन के विवाद में पुत्र सूरज गिरी और विशाल गिरी में हाथापाई हो गई। विशाल ने दुकान में रखे चाकू से सूरज पर वारकर दिया। इससे पुत्र जमीन पर गिर गया। इसके बाद बगल में रखे पत्थर को उठाकर हमला कर दिया। ट्रॉमा सेंटर वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता मंगला प्रसाद गिरी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी विशाल को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।