धुंधीकटरा स्थित मकान बारिश से गिरा ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के धुंधी कटरा मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे जर्जर मकान की छत गिरने से उसके नीचे सो रहे तीन बच्चे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। गम्भीर रूप से घायल दो बालकों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। धुंधी कटरा में किशन सोनी का पुश्तैनी मकान है। सुबह परिवार के लोग उठने के बाद नित्य क्रिया में लग गए। तीन बच्चे सो रहे थे। दादी उन पर चादर डालकर बाहर कमरे से बाहर आई। थोड़ी ही देर बाद छत के गिरने की आवाज आई। छत गिरते ही परिवार के लोग अंदर गए। तीनों बालक मलबे में दबे थे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे में सात वर्षीय शिवा, छह वर्षीय गणेश और पांच वर्षीय पीयूष पुत्र किशन घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली शहर पुलिस भी मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मलबे से निकलकर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने शिवा को भर्ती कर लिया जबकि गणेश और पीयूष की गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर एएसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। एएसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि मकान की छत पटिया की थी। जो पुराने समय के मिट्टी व सीमेंट के घोल से जोड़कर बनाई गई थी। अत्यधिक नमी के कारण जर्जर मकान की छत गिरी है।