मिर्जापुर। गेहूं कटाई के बाद खाली खेतो में उर्द, मूंग की खेती कर किसान अपनी आमदनी बढा सकते हैं। इतना ही नहीं गर्मी के मौसम में सब्जियों की से किसान अच्छा लाभ कमा सकते हैं।
इन दिनों गेहूं कटने के बाद अधिकांश खेत खाली हो गए हैं। यदि पानी की व्यवस्था हो तो किसान ऐसी खेती आसानी से कर सकते हैं। इस सीजन में उर्द और मूंग के अलावा मूली, पालक आदि की खेती की जा सकती है। इम्यूनिटी बढ़ाने में मूली और पालक का जोड़ नहीं। जिला कृषि अधिकारी की मानें तो यदि पानी की व्यवस्था न हो तो किसान खेतों को पलाऊ मशीन से पलटवा दें। तेज, धूप व गर्मी में खेतों की गहरी जुताई से जहां गेहूं के डंठल आदि जमीन के नीचे पहुंचकर सड़ जाते हैं वहीं फसलों को क्षति पहुंचाने वाले हानिकारक कीट नष्ट हो जाते हैं। जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने कहा अगले सीजन के दौरान अच्छी पैदावार के लिए कृषक खेतों में ढैंचा की खेती कर सकते हैं। मई माह में खेतो में ढैंचा की बोआई कर बरसात के मौसम में खेतो को जुतवा दें। इससे खेतो में धान या फिर अन्य फसलों की दो गुनी पैदावार की जा सकती है।