आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एनआईटी श्रीनगर में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर शनिवार को नगर के तहसील चौराहे पर जम्मू कश्मीर सरकार का पुतला फूंका और विरोध जताया। भारत माता की जय का नारा लगाने वाले छात्रों पर लाठी चार्ज पर कड़ी निंदा की। कहा कि यह सरकार की मंशा को बताता है।
जिला संयोजक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि एक तरफ तो बीजेपी पूरे देश में भारत माता की जय का नारा लगाने की वकालत करती है। वहीं दूसरी तरफ एनआईटी श्रीनगर में भारत माता की जय बोलने वाले छात्रों पर जम्मू कश्मीर पुलिस लाठीचार्ज कर रही है। कहा कि इससे बीजेपी का दोहरा चरित्र सामने आया है।
कहा कि प्रदेश सरकार एनआईटी श्रीनगर के निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस ले। कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने कहा कि पार्टी देशभक्तों के साथ में सदैव खड़ी रहेगी। इस दौरान कुलदीप तिवारी, कैलाश यादव, प्रदीप यादव, इलियास, नागेंद्र कुमार, दीपक गोस्वामी, गोपाल दूबे आदि रहे।