जमालपुर। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर नये कृषि बिल के विरोध और किसान आंदोलन के सात महीने पूरे होने पर शनिवार को किसानों ने ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। अन्नदाता मंच के संरक्षक रमेश सिंह के नेतृत्व में किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
किसानों ने पत्रक के माध्यम से बताया कि नये कृषि बिल को लेकर सरकार की हठधर्मिता से देश में इमरजेंसी जैसी हालात पैदा हो गयी है। किसान बिना बिल वापसी के घर वापसी को तैयार नहीं है। सरकार नये कृषि बिल वापसी को लेकर अनावश्यक हठ कर रही है। सरकार के कृषि बिल वापसी के बाद ही किसान आंदोलन समाप्त करने के पक्ष में हैं। जिस प्रकार सरकार ने कोरोना काल में लोगों की जान बचाने के लिए बहुत से हितोपयोगी योजनाओं को रोक दिया गया। उसी प्रकार किसानों के जीवन की सुरक्षा और हित को देखते हुए कृषि बिल को वापस लिया जाना आवश्यक है। कोरोना महामारी के नियंत्रण के बाद फिर से किसान हितोपयोगी कृषि बिल लाया जा सकता है। ज्ञापन देने वालों में रामभरोस, नथुनी, अमित कुमार पटेल, विकेश सिंह, संजीव सिंह, सुधीर कुमार पटेल, सुरेंद्र प्रताप सिंह, राकेश सिंह, अवध नारायण सिंह आदि किसान मौजूद रहे।