जमालपुर। क्षेत्र के ओड़ी गांव के पास सोमवार की रात नौ बजे आपे की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भदावल गांव निवासी राजू पटेल (30) सोमवार की रात बाइक से लोढ़वा गांव रिश्तेदार के घर जन्मदिन की पार्टी में जा रहा था। ओड़ी गांव के पास बिक्सी माइनर के पुल के चौराहे पर पहुंचा तो गोगहरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार आपे ने उसकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन युवक को सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी सीता देवी, माता शीला देवी और पिता विजयमल सिंह रोते-रोते बेसुध हो जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि युवक चंडीगढ़ की एक कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। वह घर का इकलौता बेटा था। थाना प्रभारी विजय कुमार सरोज ने बताया कि आपे की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। वाहन को कब्जे में लिया गया है।