अदलहाट। अदलहाट-इमिलियाचट्टी जरगो नहर मार्ग पर सोमवार को देर रात पौनी बैरियर के पास बाइक अनियंत्रित होकर कीचड़ में गिर गई। बाइक सवार रात भर वहीं पड़ा रहा। सुबह राहगीरों ने उसे कीचड़ में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी।
गोठौरा गांव निवासी विनोद कुमार (26) पुत्र अमरनाथ अपनी बाइक से सोमवार को चुनार किसी काम से गए थे। वे अपना काम समाप्त करने के बाद देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पौनी बैरियर के पास फिसलन व कीचड़ होने की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक से गिरने के बाद विनोद पूरी रात वहीं पड़े रहे। इससे उनकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह राहगीरों ने युवक को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि बाइक से गिरने से युवक की मौत हो गई।