मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के खजूरी ओवर ब्रिज के आगे लालगंज-संतनगर मार्ग पर बुधवार की देर रात बाइक व साइकिल की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। इसमें साइकिल सवार मुन्नू (47) की हादसे में मौत हो गई।
लालगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कामता प्रसाद निवासी मुन्नू बुधवार की देर रात साढ़े 10 बजे अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे थे। लालगंज थाना क्षेत्र के खजूरी ओवर ब्रिज के आगे लालगंज-संतनगर मार्ग पर संतनगर की ओर से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गई।
बाइक सवार अतुल प्रसाद निवासी तेंदुआ कला थाना लालगंज अपने साथी छोटू उर्फ गोविंद प्रसाद के साथ मजदूरी का कार्य करके घर लौट रहे थे। हादसे में तीनों घायल हो गए।
तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लाया गया। जहां डाक्टरों ने मुन्नू को मृत घोषित कर दिया।
घायल अतुल प्रसाद व छोटू को रेफर कर दिया गया। लालगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बाइक और साइकिल की टक्कर हो गई। तीनों घायल हो गए। साइकिल सवार की हादसे में मौत हो गई।
सड़क हादसे में दो महिला सहित चार घायल
राजगढ़। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में दो जगह सड़क हादसे में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया। इसमें दो की हालत गंभीर देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर के लिए रेफर कर दिया गया। राजगढ़ के धनसीरिया गांव निवासी अजय (20) व इंद्रावती (32) नदिहार के पास सड़क हादसे में घायल हो गए। दूसरी घटना में मगरदहा निवासी आजाद (24) व अर्चना (22) राजगढ़ बाजार से आते समय बाइक से अनियंत्रित होकर घायल हो गईं। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से इंद्रावती व अजय को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर के लिए रेफर कर दिया गया।
बहन के घर जा रहा युवक ट्रेन से कटा
जिगना। चड़ेरु चौकठा कोट के सामने अप लाइन पर बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे ट्रेन की चपेट में आने से गणेश प्रसाद (36) की मौत हो गई। बसंतपट्टी गांव निवासी गणेश प्रसाद बृहस्पतिवार की सुबह घर से अपनी बहन के यहां चेहरा रेलवे लाइन से होकर जा रहा था। चड़ेरु चौकठा कोट के पास अप लाइन पर आ रही मेमो ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।