हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग स्थित रतेह गांव में शिव फिलिंग स्टेशन के सामने रविवार की देर रात आठ बजे एक बच्ची को बचाने में बाइक सवार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। दुर्घटना में बाइक सवार अतुल चौरसिया (18) और हरिओम (11) गंभीर रूप से घायल हो गए। पथरही बरेज गांव निवासी अतुल चौरसिया अमहा मुड़ेल गांव निवासी हरिओम के साथ बाइक में तेल भरवाने के लिए रतेह गांव स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे तभी आगे जा रही बच्ची को बचाने के चक्कर में बाइक सवार सड़क किनारे पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। घटना में बाइक चालक अतुल के सिर में गंभीर चोट आई है। पीछे बैठे हरिओम भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर एंबलुेंस से दोनों घायलों को पीएचसी हलिया पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉ. विवेक खरे ने बेहतर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर भी घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया।