कछवां। नगर पंचायत के जमुआ चौराहे पर मंगलवार को एक महिला एक युवक को पकड़कर उसकी पिटाई करने लगी। आरोप लगाया कि उस युवक ने उसके पति से 40 हजार रुपये की छिनैती की थी।
सरावां गांव निवासी माधुरी देवी ने गांव के ही ननकू बिंद की जमुआ चौराहे पर छिनैती का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी। माधुरी का आरोप था कि उनके पति राम नरेश स्टेशनरी के सामान की होलसेल बिक्री करते हैं। छह माह पहले वे मिर्जापुर की ओर से मार्केटिंग करके घर आ रहे थे। रास्ते में बरैनी भटौली पुल के समीप ननकू बिंद ने रोककर फुटकर पैसा मांगा। गांव का युवक समझकर उनके पति फुटकर देने लगे तो उनके हाथों से आरोपी 40 हजार रुपये छीनकर भाग गया। इसके बाद पति ने घर आकर घटना की जानकारी दी। गांव का ही युवक होने के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी। कछवां बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में महिला ने अपने पुत्री को भर्ती कराया था। वह वहीं जा रही थी। इस बीच रास्ते में ननकू बिंद दिख गया। उधर, युवक की पिटाई होते देख मौके पर भीड़ जुट गई। इसके बाद युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। कछवां थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि सरावां गांव का मामला है। एक महिला ने गांव के एक युवक पर पति से कुछ रुपये छीनकर भागने का आरोप लगाया है। उसी को लेकर महिला ने अपने ही गांव के युवक को देखा तो रोककर पीटने लगी। युवक बाइक छोड़कर भाग गया। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।