जिगना। विजयपुर स्थित इंडियन बैंक की शाखा के अंदर शनिवार को पहुंची महिला से रुपयों से भरे बैग को छीनकर एक किशोर फरार हो गया। बैग में दो लाख 90 हजार रुपये के अलावा जरूरी कागज और पासबुक आदि थे। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसी कैमरे की मदद से छानबीन में जुटी है। उधर, बाहर एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। इससे आशंका जताई जा रही है कि किशोर बाइक सवार के साथ फरार हो गया।
झिलवर गांव निवासी नीता कुमारी पति सुरेंद्र कुमार सरोज के साथ शनिवार को दोपहर में 2:26 बजे विजयपुर स्थित इंडियन बैंक की शाखा में दो लाख 90 हजार रुपये जमा करने पहुंची थीं। पर्ची भरकर काउंटर पर गईं। ज्यादा रुपये होने पर काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने पैन कार्ड की मांग की और दूसरा फार्म भरने को कहा। नीता ने बताया कि वे पर्ची फिर से भर रही थीं, उसी बीच पीछे बैठा किशोर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में दो लाख 90 हजार रुपये के अलावा दो पासबुक व कुछ और रुपये थे। उन्होंने बताया कि फार्म पर वे जब हस्ताक्षर करने लगीं, तभी पीछे खड़ा किशोर बैग छीनकर भागा। शोर मचाने पर जब तक लोग कुछ समझ पाते, किशोर बैंक के बाहर जा चुका था। सीसी फुटेज में बैंक के बाहर एक व्यक्ति नीले रंग की जैकेट पहने दिखाई दिया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि रुपयों से भरे बैग को छीनकर भागने वाला किशोर उसके साथ फरार हुआ है। मौके पर पहुंचे विंध्याचल थानाध्यक्ष अमित कुमार प्रजापति व चौकी प्रभारी गैपुरा आनंद शंकर सिंह ने सीसी फुटेज की जांच की। सुरेंद्र कुमार छानबे ब्लॉक में सफाई कर्मचारी हैं। जमीन खरीदने के लिए कुछ दिन पहले उन्हें रुपये बैंक से निकाला था। जमीन की खरीद न हो पाने के कारण रुपये जमा करने आए थे। सीओ सिटी विवेक जावला का कहना है कि दंपती इंडियन बैंक में दो लाख 90 हजार रुपये जमा करने आए थे। त्रुटि होने पर दोबारा डिपॉजिट फार्म भरते समय पीछे से एक बालक रुपयों से भरे बैग को लेकर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से छानबीन की जा रही है।