चील्ह। थाना क्षेत्र के मुजेहरा खुर्द गांव के पास से पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब बनाने के उपकरण के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम के साथ पुलिस ने मुजेहरा खुर्द गांव में छापेमारी कर खेत में बने ट्यूबवेल के अंदर चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री से रोहित शर्मा पुत्र शशिकांत शर्मा निवासी मनऊबीर खमरिया थाना औराई जनपद भदोही को गिरफ्तार किया। छापेमारी में पांच व्यक्ति भागने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान 45 पेटी नकली देशी शराब कुल 2025 शीशी, 500 शीशी ब्लू लाइम, काला ढक्कन 600, स्टीकर, 454 रैपर ब्लू लाइम, 500 रैपर बाम्बे स्पेशल, 1764 रैपर विंडीज लाइम, एक पैकिंग मशीन, एक एल्कोहल मीटर, दो ड्रम, प्लास्टिक का एक ड्रम, 10 लीटर तैयार अपमिश्रित शराब, एक टाटा सफारी कार जो अवैध शराब की सप्लाई के लिए प्रयोग में लाई जाती है। मौके से दो बाइक बरामद की। पुलिस ने वाहनों को सीज कर दिया। शराब तस्कर केमिकल और रंग मिलाकर नकली देसी शराब तैयार कर उनको शीशियों में भरकर उस पर नकली लेवल, ढक्कन और नकली क्यूआर कोड लगाकर असली शराब के रूप में बेचते थे। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।