मिनी खेल स्टेडियम का फीता काट कर लोकार्पण करती केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल।-सोशल मीडिया
- 13.50 लाख की लागत से बने परिसर में वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम व बैडमिंटन कोर्ट की सुविधा
पड़री। पहाड़ी ब्लॉक के दूबेपुर-बसारी ग्राम पंचायत में ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल हुई है। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत 13.50 लाख रुपये की लागत से बने मिनी खेल स्टेडियम का रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने लोकार्पण किया।
विधि-विधान से पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गांवों की प्रतिभाएं निखरकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन तथा नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। नवनिर्मित मिनी स्टेडियम में वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम और बैडमिंटन कोर्ट की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर को जाली से घेरा गया है। उद्घाटन के बाद मंत्री ने खेल परिसर का निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख इंद्र बहादुर पांडेय, बीडीओ बबीता सिंह, दुर्गेश पटेल, राधेश्याम पटेल, दीपक कुमार वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार बिंद, इं राजकुमार वर्मा, राघवेंद्र पांडेय सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।