चुनार पक्का पुल, जहां लगेगी जाली।- संवाद।
सीखड़। चुनार पक्का पुल से अब कोई अब कोई सीधे गंगा में छलांग नहीं लगा सकेगा। लोक निर्माण विभाग की तरफ से पुल के दोनों तरफ लोहे की जाली लगाई जाएगी। पक्का पुल से ताबड़तोड़ एक के बाद एक आत्महत्या के मामले को संज्ञान में लेकर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चुनार के भाजपा विधायक की पहल पर लोक निर्माण विभाग की तरफ से प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
यह जानकारी शनिवार को चुनार के भाजपा विधायक अनुराग सिंह ने दूरभाष पर दी। विधायक ने बताया कि पक्का पुल पर जाली न होने के कारण आए दिन आत्महत्या जैसी दुर्घटनाएं होती रहती थीं। पुल पर जाली न होने से राहगीरों में भी हमेशा भय बना रहता था।
चुनार में बालूघाट–मेडियाघाट गंगा नदी पर पक्का पुल का शिलान्यास 13 फरवरी 2007 को किया गया था। लगभग साढ़े 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद यह पुल वर्ष 2018 में बनकर तैयार हुआ। 923.68 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े पुल पर जाली न होने से बीते आठ साल में लगभग 200 से ऊपर लोग गंगा में छलांग लगा चुके हैं। इनमें कईयों को अपनी जान गंवानी पड़ी। विधायक ने बताया कि भविष्य में चुनार पुल पर इस तरह की घटनाएं न हों इन पर अंकुश लगाने के लिए शासन से जाली लगवाने की पहल की। पुल पर जाली लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग को अनुमति मिल गई है।
शीघ्र ही पुल के दोनों तरफ जाली लगवाने का कार्य किया जाएगा। जाली लगाने का काम संभवत: अगले महीने से हो सकेगा। पुल पर जाली लगवाने की क्षेत्र मेें सूचना पर क्षेत्र के लोगों में हर्ष है। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।