मिर्जापुर। टीजीटी परीक्षा में रविवार की सुबह की पाली में नगर के एएसजे इंटर कालेज में कक्ष निरीक्षकों ने नकल सामग्री के साथ एक परीक्षार्थी को पकड़ा। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही प्राथमिकी के लिए तहरीर भी दी गई। एएसजे इंटर कालेज में सुबह की पाली में हिंदी की परीक्षा थी। एएसजे इंटर कालेज के कक्ष संख्या एक में आरोपी युवक की गतिविधियां संदिग्ध होने पर उसकी तलाशी कराई गई तो उसके पास से प्रिंटेड साल्व पर्ची सीरीज ए व बी बरामद हुई। हालांकि आरोपी के टेस्ट पेपर की सीरीज सी थी और जो सीरीज उसके पास मिली वह भी उस सीरीज के प्रश्नों से मेल नहीं खाती थी। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक राजेंद्र तिवारी व प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रजीत यादव को सूचित किया गया। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसकी सूचना प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रजीत यादव ने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सचिव को पत्र लिखकर भी सूचित की। प्रधानाचार्य के कक्ष में बने कंट्रोल रूम में बैठकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट राजीव उपाध्याय और रामबाबू सविता निगरानी कर रहे थे। उनको इस परीक्षार्थी की गतिविधि संदिग्ध लगी। इस पर वे कक्ष में पहुंचे और कक्ष निरीक्षक घनश्याम कौशल और बेबी दुबे से उक्त परीक्षार्थी की तलाशी लेने को कहा। तलाशी लेने पर परीक्षार्थी के पास से नकल सामग्री बरामद की गई। टीजीटी परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में मिलाकर आठ सौ 59 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में सात केंद्रों पर परीक्षा थी। पंजीकृत 2294 में से एक हजार आठ सौ 57 उपस्थित व चार सौ 37 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली की परीक्षा आठ केंद्रों पर हुई। पंजीकृत दो हजार छह सौ 31 में से दो हजार दो सौ नौ उपस्थित तथा चार सौ 22 अनुपस्थित रहे।